पड़री (मीरजापुर)।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को विकास खण्ड पहाड़ी के कपसौर, पुतरिहा, टौंगा, भरपूरा, पड़री क्षेत्र में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय (ओम शांति आश्रम) राजस्थान से एक माह के लिए आये प्रचार वाहन के माध्यम से किया गया। लोगों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई और नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रधान संघ पहाड़ी के ब्लॉक अध्यक्ष अधिवक्ता ब्यासजी बिंद ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन को रवाना किया। इस दौरान उपस्थित ओमशान्ति आश्रम के कार्यकर्ताओं ने हाथों में “नशा मुक्त भारत अभियान” का बैनर लेकर लोगों से नशे को त्यागने की अपील की।
वाहन में प्रदर्शित पोस्टरों और ऑडियो-वीडियो संदेशों के माध्यम से शराब, गुटखा, तंबाकू और अन्य नशे के दुष्प्रभावों को दर्शाया गया।सभी ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
ब्रह्माकुमारी संस्था पडरी शाखा के सत्यनारायण भैया एवं गुंजा दीदी समेत अन्य सदस्यों ने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को बर्बाद कर देता है। उन्होंने कहाकि राजयोग ध्यान के अभ्यास से व्यक्ति आत्म-नियंत्रण और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा पा सकता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला पुरुष भक्तजन उपस्थित रहे।



