मीरजापुर।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी द्वारा संचालित स्नातक एवं स्नातकोत्तर सेमेस्टर परीक्षाओं को सुचारु, पारदर्शी और नकलमुक्त संपन्न कराने के लिए के.बी. पीजी कॉलेज मिर्जापुर में सोमवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने आंतरिक सचल दल के साथ स्वयं परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली और सख्त हिदायत दी कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लाना पूर्णतः वर्जित है। यदि कोई छात्र इन उपकरणों के साथ पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सचल दल में संयोजक डॉ. रत्नेश मिश्र, डॉ. गीता विश्वकर्मा और डॉ. के.एम. दुबे शामिल रहे। इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर द्विवेदी ने कहा, “परीक्षा की पवित्रता और निष्पक्षता बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्राचार्य ने बताया कि सोमवार को प्रथम पाली में स्नातक छठे सेमेस्टर (अंग्रेजी) की परीक्षा में कुल 199 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 195 उपस्थित और 4 अनुपस्थित रहे। वहीं, सायंकालीन पाली में एम.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर (केमेस्ट्री) की परीक्षा में पंजीकृत सभी 8 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।





