News

केन्द्र सरकार के 12 वर्ष एवं राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों से आमजनमानस के जीवन स्तर में आये सकारात्मक परिवर्तनों को बताने एक माह का चलेगा सेवा संकल्प अभियान

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में “सेवा संकल्प अभियान” के अन्तर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दृष्टिगत सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर दिया आवश्यक दिशा निर्देश

मीरजापुर। शासन के निर्देश के क्रम में दिनांक तक मनाए जाने वाले “सेवा संकल्प अभियान” के दृष्टिगत मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर 17 सितम्बर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले “सेवा संकल्प अभियान” को प्रदेश में सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश, जिला अध्यक्ष भाजपा लाल बहादुर सरोज, विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक चुनार अनुराग सिंह, विधायक मड़िहान रमाशंकर सिंह पटेल, विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दर केसरी, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 धर्मजीत सिंह के अलावा ब्लाक प्रमुखगण, समस्त सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारी व खण्ड विकास अधिकारी, जिला मीडिया प्रभारी शंकर सिंह चौहान, कार्यवाहक आई0टी0 मंच जिला अध्यक्ष हेमंत बिन्द उपस्थित रहे।

   वीडियो के पश्चात जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जनपद के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। बैठक में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरन्तर सेवाकाल की जन कल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़े जाने के संबंध में जनपद के समस्त कल्याण एवं विकास विभागों की कार्य योजना से सम्बंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने “सेवा संकल्प अभियान” का मूलभाव एवं दृष्टि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका उद्देश्य केन्द्र सरकार के 12 वर्ष एवं राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों से आम जनमानस के जीवन स्तर में आये सकारात्मक परिवर्तनों को प्रस्तुत करने के साथ ही नीतिगत सुधारों, जनकल्याणकारी कार्यों व ऐतिहासिक बदलावों को जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार नोडल अधिकारी होंगे।जिलाधिकारी ने “सेवा संकल्प अभियान” कार्यक्रम के अन्तर्गत दिनांक 17 सितम्बर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न विभागों के माध्यम से जनपद मुख्यालय, नगरीय क्षेत्रों से लेकर विकास खण्ड स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किये जाने वाले 12 प्रमुख कार्यक्रमों के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन/संचालन के दृष्टिगत विभागवार अधिकारियों का दायित्व निर्धारित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन दिया।

मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार द्वारा “सेवा संकल्प अभियान” में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का एक-एक कर विस्तार से कार्य योजना पर चर्चा करते हुए सम्बंधित विभागीय अधिकारी को निर्देशित किया गया। उन्होंने बताया कि सेवा दिवस दिनांक 17 सितम्बर 2026 को प्रधानमंत्री जी के जन्म दिवस के अवसर पर विकसित भारत थीम पर सामूहिक संकल्प का प्रतीक दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा। इसमें केन्द्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित जनपद के समस्त नागरिकों द्वारा अपने घर में दिनांक 17 सितम्बर 2026 को सायं 07 बजे दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा तथा जनपद के समस्त प्रमुख मंदिरों, आंगनबाड़ी केन्द्र, पंचायत भवनों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारकों पर दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा।

साथ ही साथ जनपद के प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय वार्डों में दिन में रक्तदान शिविर एवं दिव्यांगजन कल्याण के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि “मेरे सपनों का भारत” के अन्तर्गत बच्चों की कल्पना के माध्यम से 25 वर्षों के सेवा कार्य एवं विकसित भारत की संकल्पना को प्रत्येक परिवार तक पहुँचाया जाना है। इसमें प्रत्येक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 5 से 8 तक के बच्चों द्वारा ड्राइंग तथा कक्षा 09 से 12 तक के बच्चों द्वारा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन, उच्च शिक्षण संस्थानों में भाषण/डिबेट का आयोजन किया जाएगा।

  नमो सेवा-अनकही कहानियां कार्यक्रम के अन्तर्गत 25 वर्षों के सेवाकाल, प्रमुख जन कल्याणकारी योजनाओं एवं देश/प्रदेश में आये बदलाव की कहानी को सरल, भावनात्मक एवं संगीतपूर्ण नाटक के माध्यम से गाँव-गाँव एवं शहर तक नुक्कड़ नाट्य मंचन का आयोजन किया जाएगा। आंगन मिलन सेवा के अन्तर्गत दिनांक 25 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्रों पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा बहनों व उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सार्वजनिक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

  सेवा की कहानी के अन्तर्गत डिजिटल व रील अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं से जिन नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है ऐसे नागरिकों की वास्तविक कहानी का प्रदर्शन किया जाना है। दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प कार्यक्रम के अन्तर्गत विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के अन्तर्गत दिनांक 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक नागरिक को किसी एक सेवा कार्य से जुड़ कर समाज सेवा में अपना योगदान देने से सम्बंधित कार्यक्रम का आयोजन चलता रहेगा।

  सेवा सेतु अभियान कार्यक्रम के अन्तर्गत विकास खण्ड स्तर पर 07 दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर/स्टॉल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एक ही स्थान पर प्रत्येक नागरिक को योजनाओं का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने उपरोक्त कार्यक्रमों को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु निर्देशित करते हुए कहा कि उक्त कार्यों को निर्धारित तिथियों एवं अवधि में भव्य संचालन के दृष्टिगत जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, डी0आई0ओ0एस0, बी0एस0ए0, समस्त खण्ड विकास अधिकारीगण सहित समस्त सम्बंधित अधिकारियों को उनके विभागीय कार्य योजनाओं के अनुरूप निष्ठापूर्वक कार्यों को सम्पन्न करायेंगे।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!