मीरजापुर।
नगर के केबीपीजी कॉलेज के सामुदायिक सभागार के स्मार्ट कक्ष में मंगलवार, 3 नवंबर को महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को समर्पित दो प्रेरणादायक वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) फिल्मों का प्रसारण किया गया। इस विशेष स्क्रीनिंग का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में महिलाओं के संघर्ष व सफलता की कहानियों से रूबरू कराना था।
पहली फिल्म ‘अस्तित्व एक अनकहा संघर्ष’ दिखाई गई, जो महिलाओं के जीवन के अदृश्य संघर्षों और उनकी जीवटता को रेखांकित करती है। दूसरी फिल्म ‘अदिती’ का प्रदर्शन किया गया। दोनों ही फ़िल्में महिला सशक्तिकरण के संदेश को बेहद प्रभावी ढंग से दर्शकों के सामने रखती हैं। कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रतिमा भारतीया ने विचार कहा कि ये केवल फिल्म नहीं, बल्कि एक सोच है जो हर उस महिला के संघर्ष को व्यक्त करती है, जो प्रतिदिन अपनी पहचान के लिए संघर्ष कर रही है।
मुख्य वक्ता डॉ. अम्बुज कुमार पाण्डेय ने वृत्तचित्रों के माध्यम से उठाए गए मुद्दों पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. स्नेहलता पटेल, डॉ. अमर बहादुर सरोज, डॉ. मुकेश उपाध्याय, डॉ. बबली यादव और डॉ. के.एम. दूबे उपस्थित रहे।





