सवंधिान दिवस पर गूंजा एक स्वर-एक संविधान: विद्यालयों के 5 हजार से अधिक बच्चों ने किया संविधान प्रस्तावना वाचन
फोटोसहित
मीरजापुर।
26 नवम्बर 2026 को संविधान दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जनपद न्यायधीश अनुपम कुमार की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की उपस्थिति में नगर के सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल प्रांगण में एक स्वर-एक संविधान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न विद्यालयों/स्कूलों के 5 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने एक साथ संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर शपथ ली। जनपद न्यायधीश द्वारा संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई, तो पूरा परिसर संविधान की प्रस्तावना से गूंज उठा। मुख्य आयोजन डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल, विजयपुरा, मिर्जापुर में किया गया, जिसमें लगभग 4,800 छात्र-छात्राओं ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के प्रति अपनी निष्ठा, सम्मान एवं प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसी क्रम में जनपद के अन्य 305 विद्यालयों एवं कार्यक्रम स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 1,03,833 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस प्रकार मुख्य कार्यक्रम सहित पूरे जनपद में कुल लगभग 1,08,633 विद्यार्थियों की सहभागिता दर्ज की गई।संविधान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में संवैधानिक ज्ञान एवं जागरूकता को और अधिक विकसित करने के उद्देश्य से जनपद के 305 विद्यालयों में संविधान विषयक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा भारतीय संविधान के निर्माण, संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों एवं संवैधानिक व्यवस्था से संबंधित प्रश्नों के माध्यम से अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के उपरांत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया। मुख्य कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय संजय कुमार शुक्ल, प्रथम अपर जनपद न्यायाधीश संतोष कुमार गौतम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह सहित जनपद के अन्य न्यायिक अधिकारीगण, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राज कुमार दीक्षित, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय राज सिंह, डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल के चेयरमैन दिनेश चंद्र सर्राफ एवं प्रधानाचार्या प्रीति सर्राफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार-।। द्वारा कराया गया। बताया गया कि पात्र व्यक्तियों को विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 की धारा 12 के अंतर्गत निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। अंत में अपर जनपद न्यायाधीश आसिफ इकबाल रिजवी द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।




