0 डिप्टी सीएम केशव ने जनपद भ्रमण के दौरान मां विन्ध्यवासिनी देवी का किया दर्शन पूजन
0 पुलिस लाइन मे कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल सहित जनप्रतिनिधियो-अधिकारियों ने किया स्वागत
0 उप मुख्यमंत्री ने विन्ध्याचल स्थित एक होटल में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व अन्य विकासपरक अधिकारियों के साथ बैठक कर की समीक्षा
0 वर्षा के बाद गड्ढामुक्त के तहत प्रदेश के सभी सड़कों का प्राथमिकता पर होगा मरम्मत- रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति करने की दी हिदायद
मीरजापुर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दोपहर लगभग 01:45 बजे पुलिस लाइन पहुंचे। हेलीपैड पहुंचने के पश्चात कैबिनेट मंत्री प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले श्री आशीष पटेल, उपाध्यक्ष राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सोहन लाल श्रीमाली, विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, जिला अध्यक्ष भाजपा लाल बहादुर सरोज, जिला अध्यक्ष अपना दल एस इंजीनियर राम लौटन बिन्द, विधायक चुनार अनुराग सिंह, सदस्य विधान परिषद श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री विद्याधर तिवारी, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद श्याम सुन्दर केसरी, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह एवं भाजपा नेता उत्तम कुमार मौर्य, गौरव उमर, नितिन विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारीगण के द्वारा उप मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत व अभिनन्दन किया गया।
उप मुख्यमंत्री ने हेलीपैड से सड़क मार्ग से सीधे विन्ध्याचल पहुंचकर मां विन्ध्यवासिनी देवी का मंत्रोच्चार के साथ दर्शन पूजन किया। विधायक नगर रत्नाकर मिश्र व पुरोहित धीरज मिश्र ने उप मुख्यमंत्री जी को विधि विधान के साथ दर्शन पूजन कराया। दर्शनोपरान्त नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह ने उप मुख्यमंत्री जी को देवी चित्र व चुनरी भेंटकर स्वागत व अभिनन्दन किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विन्ध्याचल बंगाली चौराहा स्थित कम्फर्ट इन होटल के सभागार में विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, विधायक चुनार अनुराग सिंह, सदस्य विधान परिषद श्याम नारायण उर्फ विनीत सिंह, जिला अध्यक्ष भाजपा लाल बहादुर सरोज, जिला अध्यक्ष अपना दल एस इंजीनियर राम लौटन बिन्द, विधायक मझवां सुचिस्मिता मौर्या, विधायक छानबे रिंकी कोल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मीरजापुर श्याम सुन्दर केसरी व जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 कीर्ति कुमार मिश्रा व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद के विकास कार्यों, जन समस्याओं के निस्तारण की प्रगति, विद्युत आपूर्ति, सड़क, स्वास्थ्य व कानून व्यवस्था के बारे में बिन्दुवार जानकारी ली।
बैठक में विधायकगण के द्वारा सड़कों की मरम्मत के बारे में चर्चा करने पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षा के बाद गड्ढा मुक्त अभियान के तहत प्रदेश व जनपद की समस्त सड़कों का प्राथमिकता पर मरम्मत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कों के मरम्मत के दौरान कार्यदायी संस्थाएं गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखे, सड़कों की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए। गुणवत्ता खराब मिलने पर सम्बन्धित के विरुद्ध कार्यवाही भी की जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्युत आपूर्ति व विद्युत बिलों में सुधार आदि के सम्बंध में प्रायः शिकायतें मिलती रहती हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, उपभोक्ताओं को सही बिल भेजा जाए तथा विद्युत से सम्बन्धित प्राप्त जन शिकायतों को प्राथमिकता पर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास के लक्ष्य व आवंटन के बारे में भी जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि जो लक्ष्य जनपद के लिए दिया गया है उसके अतिरिक्त कोई भी पात्र व्यक्ति जो आवास के लिए आता है उसे पात्रता की जांच कर मुख्यमंत्री आवास योजना से आच्छादित किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से कहा कि आईजीआरएस, मुख्यमंत्री पोर्टल, जनता दर्शन व अन्य माध्यमों से प्राप्त जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समय से संतुष्टिपूर्ण समाधान किया जाए ताकि किसी व्यक्ति को उसी शिकायत के लिए बार-बार जिला मुख्यालय व तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि कतिपय दबंग व्यक्तियों के द्वारा किसी की जमीन पर अवैध कब्जा आदि की शिकायत को प्राथमिकता से पैमाइश कराते हुए उसका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि थाने स्तर पर भी थानाध्यक्ष के द्वारा आने वाले व्यक्तियों से मधुर व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं को सुना जाए तथा उसका समाधान किया जाए। उन्होंने टी0एच0आर0 व सोलर प्लांट के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी ने विकास योजनाओं व पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इसके पूर्व बैठक में पहुंचने पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने पुष्प गुच्छ व देवी चित्र भेंटकर स्वागत व अभिनन्दन किया। इस अवसर पर जिला मंत्री रवि पाण्डेय, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मीरजापुर मनोज जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष आई0टी0 मंच अपना दल एस दुर्गेश पटेल व हरीश पटेल, जिला कोषाध्यक्ष चंद्रांशु गोयल, जिला आई0टी संयोजक अमित सिंह, मीडिया प्रभारी भाजपा भावेश शर्मा, भाजपा नेत्री डाली अग्रहरि, दिनेश तिवारी उपस्थित रहे।





