मीरजापुर। भारतीय जनता पार्टी मीरजापुर के बरौधा कचार स्थित पंडित दीनदयाल पुरम कॉलोनी के जिला कार्यालय पर बुधवार को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा मीरजापुर के तत्वावधान में भारतरत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती समारोह के अंतर्गत एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री रामकुमार विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके संघर्ष, राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। देश की रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका के कारण उन्हें लौह पुरुष के रूप में जाना जाता है। उनके आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
विशिष्ट अतिथि रामकुमार विश्वकर्मा ने भी सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज में एकता, समरसता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश सिंह पटेल तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष विद्यासागर मौर्य ने किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री स्वामीनाथ सिंह, डॉ. सी.एल. बिन्द, पूर्व जिला महामंत्री हरिशंकर सिंह पटेल, निवर्तमान जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा आभा सिंह पटेल, अलंकार जायसवाल, जोशी पटेल, सुभाष जायसवाल, शुभम जायसवाल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





