News

तीन वर्षीय मासूम सहित मां-बेटे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

0 पीछे से आए अज्ञात वाहन ने तीनों को रौंदा, परिवार में मचा कोहराम

0 गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर गिरी बाइक
अहरौरा, मीरजापुर। अदलहाट थाना क्षेत्र के नारायनपुर स्थित आलू मिल के सामने बुधवार को भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार मां, बेटे और तीन वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहरौरा थाना क्षेत्र के पट्टी कला गांव निवासी मनोज चौहान अपनी मां मुन्नी और तीन वर्षीय भतीजे प्रियांश के साथ वाराणसी के रामनगर से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इस दौरान अदलहाट थाना क्षेत्र के नारायनपुर स्थित आलू मिल के सामने सड़क पर बने गड्ढों के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी बीच पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में तीनों आ गए। हादसा इतना भीषण था कि मां, बेटे और मासूम प्रियांश की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

इस संबंध में चुनार क्षेत्राधिकारी गायत्री यादव ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक अहरौरा थाना क्षेत्र के निवासी थे और वाराणसी से घर लौट रहे थे। हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!