News

कनाडा के गणित विशेषज्ञ दिनेश रस्तोगी का मीरजापुर के बजाज स्कूल में हुआ शैक्षणिक भ्रमण; गणित को सरल, रोचक और आनंददायक बनाने की दिशा में एक अनूठी पहल

मीरजापुर।

सेठ द्वारका प्रसाद बजाज एजुकेशन सेंटर में कनाडा से पधारे प्रख्यात गणित विशेषज्ञ श्री दिनेश रस्तोगी का शैक्षणिक आगमन विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए एक अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव रहा।

16 एवं 17 नवंबर को आयोजित विशेष सत्रों में उन्होंने कक्षा 3 से 7 तक के विद्यार्थियों को मानसिक गणना की अद्भुत एवं सरल तकनीकों से परिचित कराया। रोचक गतिविधियों और व्यावहारिक प्रदर्शनों के माध्यम से बच्चों ने तेजी से गणना करने, तार्किक ढंग से सोचने तथा गणितीय समस्याओं को आत्मविश्वास के साथ हल करने के नए तरीके सीखे।

इस अवसर पर शिक्षकों के लिए भी विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, शिक्षण-अधिगम सामग्री (Teaching -Learning Materials–(TLM), गतिविधि-आधारित शिक्षण एवं बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया गया।

कक्षा अवलोकन एवं रचनात्मक सुझावों ने शिक्षकों को अपने शिक्षण कौशल को और बेहतर बनाने की नई दिशा प्रदान की।
यह शैक्षणिक पहल आगामी दिनों में भी जारी रहेगी। बजाज स्कूल के सीनियर विंग में दो दिवसीय आयोजन के पश्चात अगले दो दिनों तक बजाज एकेडमी में तथा उसके बाद दो दिनों तक बजाज किंडरगार्टन विंग में यह विशेष गणितीय कार्यशाला एवं गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। इस शैक्षणिक कार्यक्रम के अंतिम दिन तीनों शाखाओं के शिक्षकों के लिए एक संयुक्त कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वे श्री रस्तोगी के अनुभवों एवं मार्गदर्शन से लाभान्वित होंगे।

उल्लेखनीय है कि दिनेश रस्तोगी प्रतिवर्ष कनाडा से दो बार विशेष रूप से विद्यालय का भ्रमण करते हैं। उनके निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग से विद्यालय के प्राथमिक कक्षाओं में गणित शिक्षण की विशेष पद्धति को विकसित एवं संचालित किया जाता है। उनका उद्देश्य बच्चों में गणित के प्रति रुचि विकसित करना, उनकी मानसिक गणना क्षमता को बढ़ाना तथा विषय को रटने के स्थान पर समझकर सीखने की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना है।

विद्यालय परिवार दिनेश रस्तोगी के बहुमूल्य समय, निरंतर सहयोग, प्रेरणादायक मार्गदर्शन एवं ज्ञानवर्धक योगदान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता है।

Banner VindhyNews
error: Right Click Not Allowed-Content is protected !!