मीरजापुर।
जनपद मीरजापुर के थाना चुनार क्षेत्रान्तर्गत स्थित श्री परमहंस आश्रम, सक्तेशगढ़ में दिनांक 29.07.2026 को आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखण्ड, बिहार आदि प्रान्तों से लगभग 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
आज दिनांकः26.07.2026 को जिलाधिकारी मीरजापुर-पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक मीरजापुर-अपर्णा रजत कौशिक द्वारा संयुक्त रूप से चौकी सक्तेशगढ़ पर गुरु पूर्णिमा पर्व को सकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु ड्यूटी में लगे जनपदीय एवं बाह्य जनपदों से आये अधिकारी/कर्मचारीगण की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए ।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को 05 जोन एवं 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है । प्रत्येक जोन एवं सेक्टर में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी एवं यातायात पुलिस की तैनाती की गई है । आश्रम परिसर, दर्शन मार्ग, भंडारा स्थल, पार्किंग स्थलों, प्रमुख संपर्क मार्गों तथा सिद्धनाथ दरी क्षेत्र सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में कंट्रोल रूम, खोया-पाया केन्द्र, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम), वायरलेस संचार व्यवस्था, चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन तथा अन्य आवश्यक आपात सेवाओं की व्यवस्था की गई है । सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी, सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा संवेदनशील स्थलों पर एंटी रोमियो टीम को लगाया गया है ।
सिद्धनाथ दरी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा यथा-झरने एवं खतरनाक चट्टानों के समीप न जाने, सेल्फी लेने अथवा जोखिमपूर्ण गतिविधियों पर नियंत्रण हेतु पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगायी गयी है, सभी श्रद्धालुजन से अनुरोध है कि पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पूर्णतः पालन करें तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, यातायात व्यवस्था में सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति में निकटतम पुलिस सहायता केन्द्र अथवा ड्यूटी पर तैनात पुलिस/प्रशासनिक अधिकारी से तत्काल संपर्क कर अवगत करायें। जिला प्रशासन एवं पुलिस सभी श्रद्धालुओं को यह विश्वास दिलाती है कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु समुचित सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं ।





