रोटरी क्लब विंध्याचल ने बच्चो साथ किया पौधरोपण
मीरजापुर। पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से रोटरी क्लब विंध्याचल (RID 3120) द्वारा शनिवार को नंद गोपाल जायसवाल प्राथमिक विद्यालय, गणेशगंज में पौधरोपण एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे रोपे गए। क्लब के सदस्यों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए “एक वृक्ष, एक जीवन” का संदेश दिया और पर्यावरण संरक्षण में सभी की सहभागिता पर बल दिया।
इसके उपरांत विद्यालय के विद्यार्थियों को फ्रूटी एवं बिस्किट वितरित किए गए। क्लब पदाधिकारियों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। रोटरी क्लब विंध्याचल द्वारा समय-समय पर विद्यालयों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण से जुड़े सेवा कार्य निरंतर संचालित किए जाते रहे हैं।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष प्रतीक अग्रवाल, सचिव गौरव खेमका, कोषाध्यक्ष मयंक गुप्ता, वरिष्ठ सदस्य सुशील झुनझुनवाला, भूपेंद्र सिंह डंग, गोपाल सोनी एवं पूर्व अध्यक्ष डॉ. अमित केसरवानी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में रोटरेक्ट क्लब विंध्याचल की ओर से विवेक सिंह राजपूत, योगेश जोशी, प्रखर गुप्ता एवं दिनेश सिंह ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। रोटरी क्लब विंध्याचल ने भविष्य में भी समाजहित, पर्यावरण संरक्षण एवं शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।





